अंबिकापुर। CG NEWS: सरगुजा जिले में दोपहिया वाहन चोरी के मामलों पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के 5 मामलों का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की गई 5 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान विजय गुप्ता (50 वर्ष), निवासी बिहार के रोहतास जिले के डेहरी, हाल मुकाम केदारपुर अंबिकापुर के रूप में हुई है।

मामले की शुरुआत 12 नवंबर 2026 को हुई, जब आदित्य कुजूर अपनी होंडा ड्रीम युगा मोटरसाइकिल गांधी स्टेडियम के बाहर खड़ी कर अंदर गए थे। वापस लौटने पर उनकी मोटरसाइकिल गायब मिली। शिकायत पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 790/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध विजय गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने गांधी स्टेडियम से एक मोटरसाइकिल सहित कुल 5 मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर बजाज सीटी, स्प्लेंडर प्लस और तीन होंडा मोटरसाइकिल समेत कुल 5 वाहन बरामद किए गए।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।


