रायगढ़। CG NEWS : जिले के कारगिल चौक स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में पिंजरे में कैद नीलकंठ पक्षी के दर्शन की जानकारी मिलने पर हिंदू महासभा के सदस्यों ने मंदिर पहुंचकर समिति से चर्चा की। इस दौरान नीलकंठ पक्षी को पिंजरे में रखने पर आपत्ति जताते हुए उसे मुक्त करने की बात कही गई। इसके बाद पक्षी को कैद से आजाद कराया गया, जिसके दर्शन के लिए क्षेत्र के लोग पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, मंदिर में पिछले तीन-चार वर्षों से कुछ लोगों द्वारा दशहरा के अवसर पर जंगल से नीलकंठ पक्षी पकड़कर लाने की बात सामने आई है। हिंदू महासभा के सदस्यों ने मंदिर समिति से कहा कि दशहरे पर खुले आसमान में उड़ते नीलकंठ के दर्शन को शुभ माना जाता है। ऐसे में पक्षी को पिंजरे में कैद कर उसका दर्शन कराना परंपरा की भावना के अनुरूप नहीं है। वहीं, मंदिर समिति की ओर से बताया गया कि कई बुजुर्ग श्रद्धालु नीलकंठ के दर्शन करना चाहते हैं। उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए पक्षी को मंदिर में रखा जाता था। चर्चा के बाद नीलकंठ को पिंजरे से मुक्त कर दिया गया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने पक्षी के दर्शन किए।


