पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक दर्दनाक हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अधेड़ व्यक्ति मालगाड़ी के नीचे से निकलकर रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान अचानक मालगाड़ी चल पड़ी और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उसकी पहचान कराने के प्रयास में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।
रेलवे और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पार करने के लिए हमेशा फुटओवर ब्रिज या निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें। चलती या खड़ी ट्रेन के नीचे से निकलने का प्रयास जानलेवा साबित हो सकता है।

