रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हुआ। बेंद्री रोड स्थित 3D इनोवेशन फैक्ट्री में ब्लास्ट फर्नेस के पास ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। विस्फोट इतना तेज था कि फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाकर बाहर भागे।
पुलिस के अनुसार दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे मजदूर ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान अरुण पांडे (जांजगीर-चांपा), कोमल सिंह और लाल सिंह (दोनों मध्य प्रदेश के डिंडोरी निवासी) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। फैक्ट्री परिसर को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि ब्लास्ट ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट के कारण हुआ, हालांकि वास्तविक वजह का पता फॉरेंसिक और तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा।
इस हादसे के बाद औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने फैक्ट्री प्रबंधन से सुरक्षा संबंधी दस्तावेज और संचालन प्रक्रिया की जानकारी मांगी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

