आरंग। CG NEWS: काल्पवृक्ष पब्लिक स्कूल, आरंग में बाल दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए विविध सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत नर्सरी एवं प्री-प्राइमरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई। बच्चों ने गीत, नृत्य एवं अन्य मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से बाल दिवस को यादगार बनाया।


इसके पश्चात प्राइमरी एवं मिडिल सेक्शन के 60 विद्यार्थियों ने 15 शिक्षकों की टीम के मार्गदर्शन में रायपुर के लिए शैक्षणिक भ्रमण को प्रस्थान किया। विद्यार्थियों ने महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय, रायपुर पहुंचकर छत्तीसगढ़ की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक धरोहरों का अवलोकन किया। उन्होंने प्राचीन मूर्तियों, ऐतिहासिक वस्तुओं एवं राज्य की गौरवशाली विरासत के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
इसके साथ ही विद्यार्थियों ने दक्षिण कोशल मुद्रा उत्सव 2026 में पहुंचकर दुर्लभ नोटों, प्राचीन सिक्कों एवं विभिन्न ऐतिहासिक मुद्राओं को करीब से देखा। इस दौरान उन्हें मुद्रा के इतिहास, विकास एवं महत्व को समझने का एक अनूठा अवसर मिला।
बाल दिवस के इस विशेष अवसर पर विद्यालय समिति द्वारा विद्यार्थियों की विभिन्न प्रतिभाओं एवं दीपावली के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रस्तुत उत्कृष्ट कलाकृतियों के लिए उन्हें पुरस्कृत भी किया गया। इस अवसर पर कई प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने लर्न बाय फन की एक वर्षीय ऑनलाइन स्टडी पैकेज भी पुरस्कार में जीता।
इस ऑनलाइन पैकेज के माध्यम से विद्यार्थी मोबाइल पर सभी विषयों की ऑनलाइन कक्षाओं का लाभ उठा सकेंगे।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, बाल दिवस का उद्देश्य बच्चों को खुशियां देने के साथ-साथ उनकी प्रतिभाओं को पहचानना, प्रोत्साहित करना और उन्हें सीखने के नए अवसर प्रदान करना है।
काल्पवृक्ष पब्लिक स्कूल का प्रयास है कि प्रत्येक बच्चा शिक्षा के साथ-साथ अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और व्यावहारिक ज्ञान के क्षेत्र में भी निरंतर आगे बढ़े।


