RAIPUR NEWS: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने IPL 2026 का दूसरा शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसमें रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को दो बड़े मुकाबलों की मेजबानी मिली है, जिससे क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच हाईवोल्टेज मैच खेला जाएगा, जबकि 13 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और RCB आमने-सामने होंगी।
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) ने इन मैचों को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं, जल्द ही बैठक कर स्टेडियम सुविधाओं, टिकट दरों और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। खास बात यह है कि 13 मई को होने वाले KKR मुकाबले के लिए शाहरुख खान के रायपुर आने की अटकलें भी तेज हैं, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
करीब 10 साल बाद छत्तीसगढ़ में IPL की वापसी हो रही है और इस बार RCB ने रायपुर को अपना होम ग्राउंड बनाया है, जिससे यहां विराट कोहली के साथ-साथ हार्दिक पंड्या और अजिंक्य रहाणे जैसे स्टार खिलाड़ियों को देखने का मौका मिलेगा। 65,000 दर्शकों की क्षमता वाला शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम देश का तीसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है, जो अपनी संतुलित पिच और बड़ी बाउंड्री के लिए जाना जाता है। यहां की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है, लेकिन स्पिन और तेज गेंदबाजों को भी बराबर मदद मिलती है, ऐसे में फैंस को रोमांचक मुकाबलों की पूरी उम्मीद है।

