दुर्ग। Viral Chat: छत्तीसगढ़ के दुर्ग नगर निगम में हिंदू देवी-देवताओं पर कथित अभद्र टिप्पणी वाला व्हाट्सएप चैट वायरल होने के बाद शनिवार को बड़ा बवाल खड़ा हो गया। निगम आयुक्त कार्यालय में निजी सहायक के रूप में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारी गौतम साहू को लेकर गुस्साए हिंदू संगठनों और बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में निगम दफ्तर पहुंच गए। देखते ही देखते कार्यालय परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया और आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कर्मचारी को बाहर निकालकर उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान धक्का-मुक्की और हंगामे की स्थिति भी बन गई।
बताया जा रहा है कि गौतम साहू एक महिला कर्मचारी के साथ निजी व्हाट्सएप चैट कर रहा था, जिसमें हनुमानजी, उज्जैन के महाकाल बाबा और नीम करौली बाबा को लेकर कथित आपत्तिजनक बातें लिखी गई थीं। चैट सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हिंदू संगठनों में भारी नाराजगी फैल गई। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने निगम कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलने पर पदमनापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गौतम साहू को भीड़ से निकालकर हिरासत में लिया। पुलिस ने धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल की शिकायत मिलने पर यह कार्रवाई की गई है।
इधर, गौतम साहू की पत्नी दीपिका साहू ने भी मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद कुछ समय तक निगम कार्यालय का कामकाज प्रभावित रहा। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।


