अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुन्नी पुलिस चौकी के ग्राम कुन्नी में सरपंच पति की कथित दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि सरपंच पति ने अपने भाई और अन्य साथियों के साथ मिलकर दो सगे भाइयों की डंडों और मुक्कों से जमकर पिटाई कर दी। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने सरपंच पति समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना 2 जुलाई की रात करीब 9 बजे की है। पीड़ित रमेश दास को सरपंच पति हंस कुमार उईके ने बोरिंग का पाइप लेने के बहाने घर के पास बुलाया। वहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद हंस कुमार ने अपने भाई और अन्य साथियों को बुला लिया। सभी आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए रमेश दास के साथ डंडों और हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
मारपीट के दौरान जब रमेश दास का भाई दिनेश दास बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। हमले में दोनों भाई घायल हो गए। इसके बाद दोनों ने कुन्नी पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत के आधार पर सरपंच पति हंस कुमार उईके सहित सात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

