बालोद / भानुप्रतापपुर। CG NEWS : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पूल क्लब की आड़ में चल रहे कथित हेरोइन (चिट्टा) के अवैध कारोबार का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF), थाना बालोद और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर निवासी शुभम सिंह भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बालोद के गंजपारा स्थित सागर अस्पताल के पास एक पूल क्लब की आड़ में नशीले पदार्थों का कारोबार किया जा रहा है। सूचना पर संयुक्त टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान क्लब संचालक नावेद खान उर्फ चोको के कब्जे से 7.98 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने मौके से नशे के सेवन में इस्तेमाल होने वाले 10 जले हुए सिल्वर कैप भी जब्त किए। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से आईफोन सहित चार महंगे मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस ने हेरोइन और मोबाइल समेत कुल 3 लाख 69 हजार 200 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

भानुप्रतापपुर का युवक भी गिरफ्तार
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नावेद खान उर्फ चोको (29), निवासी जवाहर पारा, बालोद; गौतम बजाज (24), निवासी शिकारी पारा, बालोद; शुभम सिंह (26), निवासी भानुप्रतापपुर, जिला कांकेर; और समर प्रताप सिंह (23), निवासी बूढ़ापारा, वार्ड क्रमांक 20, बालोद के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ख) के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद भानुप्रतापपुर क्षेत्र के युवक की गिरफ्तारी भी चर्चा का विषय बनी हुई है।



