धमतरी। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर कांग्रेस नेता एवं नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष हरमीत सिंह होरा ने धमतरी के आराध्य देवी मां अंगारमोती और मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर धमतरी की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
नवरात्रि के प्रथम दिवस हरमीत सिंह होरा अपने साथियों के साथ मां अंगारमोती मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने माता रानी की पूजा-अर्चना की और ज्योत प्रज्वलित कर मां के चरणों में शीश नवाया। उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और नागरिकों के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा।

इसके बाद हरमीत सिंह होरा मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने धमतरी में सुख-शांति, खुशहाली और निरंतर विकास की कामना की। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी ने उन्हें माता की चुनरी ओढ़ाकर आशीर्वाद प्रदान किया।
इस दौरान विशाल शर्मा, विक्रांत शर्मा, अंकित गोयल, राहुल बक्तानी, पवन वाधवानी एवं सुरेंद्र पांडे उपस्थित रहे। सभी ने माता रानी के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।


