Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में सामने आए युवती आत्महत्या मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। मर्ग जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मृतका के मंगेतर केशव पटेल (28 वर्ष), निवासी ग्राम चुहकीमाल थाना छाल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांडपर भेज दिया है। पुलिस जांच के अनुसार, मृतका (29 वर्ष) और आरोपी केशव पटेल की शादी मई 2025 में तय हुई थी और दिसंबर में विवाह प्रस्तावित था। लेकिन विवाह से पहले ही दोनों के बीच संबंधों में तनाव बढ़ने लगा। परिजनों और पंचों के बयान के अनुसार, युवती को जानकारी मिली थी कि आरोपी का किसी अन्य युवती से प्रेम संबंध है और वह उसी से विवाह करना चाहता है।
आरोप है कि इसी बात को लेकर आरोपी लगातार युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और फोन पर दबाव बना रहा था। इस मानसिक तनाव के कारण युवती काफी परेशान रहने लगी थी। घटना के अनुसार, 09 सितंबर 2025 को युवती ने अपने घर में जहर सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद आरोपी ने कथित रूप से उसी युवती से विवाह कर लिया, जिससे उसके संबंध होने की बात सामने आई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी द्वारा युवती को लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था, जिससे वह आत्महत्या के लिए मजबूर हुई। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 17 अप्रैल 2026 को चक्रधरनगर थाना में अपराध क्रमांक 166/2026 धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी को उसके घर से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने युवती से सगाई और बातचीत की बात स्वीकार की। साथ ही उसने यह भी स्वीकार किया कि उसका दूसरी युवती से संबंध था और दोनों के बीच संपर्क बना हुआ था। पुलिस ने आरोपी के पास से विवाह कार्ड भी जब्त किया है। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक गेंदलाल साहू और पुलिस टीम द्वारा की गई।
इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते यदि विवाद का समाधान हो जाता तो यह दुखद घटना टाली जा सकती थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला मानसिक उत्पीड़न और धोखे से जुड़ा हुआ है, जिसकी गहन जांच की जा रही है। अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संवेदनशील मामलों में पुलिस तथ्यों के आधार पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई कर रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है और मामले की आगे की जांच जारी है।

