दुर्ग। CRIME NEWS: दुर्ग के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के केलाबाड़ी स्थित सुभाष नगर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां B.Ed की पढ़ाई कर रहे युवक कार्तिक राम साहू ने अपनी ही प्रेमिका उनेश्वरी वर्मा (25) की गला दबाकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच फोन कॉल न उठाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में युवती का गला दबा दिया।
उनेश्वरी खैरागढ़ जिले के चिचोला की रहने वाली थी और पिछले दो वर्षों से दुर्ग में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। हत्या के बाद आरोपी ने युवती को बेहोश समझते हुए खुद 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन मौके पर पहुंची टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

घटना से इलाके में सनसनी और शोक का माहौल है।

