बिलासपुर। CG NEWS: जिले में सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग से दोस्ती कर उसे शादी का झांसा देने और शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कतियापारा में रहने वाले 20 वर्षीय युवक पर नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाने और उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पीड़िता के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी राज केंवट को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी और नाबालिग की पहचान करीब तीन साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। आरोपी उसे अपनी एक्टिवा से घूमाने के बहाने स्मृति गार्डन और खूंटाघाट भी ले जाया करता था। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर नाबालिग को अपने घर ले जाकर उसका शारीरिक शोषण किया। मामले में पुलिस ने बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


