धमतरी। CG NEWS : जिले के भखारा थाना क्षेत्र हत्या का मामला सामने आया है। भखारा के महावीर चौक में हुए इस वारदात में एक बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मामला बाइक एक्सीडेंट के बाद हुए नुकसान की भरपाई से जुड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले एक बाइक दुर्घटना में करीब 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ था। इसी नुकसान की भरपाई को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी। मृतक बुजुर्ग, जो आरोपी युवक के दोस्त के दादा बताए जा रहे हैं, उन्होंने विवाद शांत कराने और मदद के तौर पर आरोपी युवक को 5 हजार रुपये दिए थे।

हालांकि बाकी रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। बीती रात इसी पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद अचानक बढ़ गया। देखते ही देखते बहस गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महावीर चौक के बीचोंबीच दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान आरोपी युवक के एक साथी ने गुस्से में आकर बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर ने न केवल चाकू मारा बल्कि गले पर भी वार किया, जिससे बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही लहूलुहान हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही भाखरा पुलि टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में मामला पैसों के विवाद से जुड़ा सामने आया है। हालांकि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


