आरंग/रायपुर। CG Crime: रायपुर ग्रामीण पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 33 किलो 500 ग्राम गांजा, तीन मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन सहित कुल 18 लाख 55 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग सुकमा जिले से मोटरसाइकिलों के जरिए गांजा लेकर नया रायपुर होते हुए मध्यप्रदेश जाने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने नया रायपुर के सेक्टर-18 स्थित एमजीएम स्कूल के पीछे नाकेबंदी की। 7 नवंबर की सुबह करीब 5:50 बजे तीन मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान उनके पिट्ठू बैग से गांजे के छह पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 33.5 किलोग्राम था।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा सुकमा जिले के ग्राम चिकिरपाल क्षेत्र से लाकर मध्यप्रदेश में बिक्री करने की योजना बताई। गिरफ्तार आरोपियों में महेश कुमार ध्रुव एवं परमेश्वर कुमार मरकाम निवासी पिपरछेड़ी, जिला गरियाबंद, अजय मंडावी निवासी छिंदगढ़, जिला सुकमा तथा राकेश कुमार साहू निवासी पंडरीपानी, जिला गरियाबंद शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 557/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। मामले में गांजे के स्रोत, तस्करी नेटवर्क और संभावित खरीदारों के संबंध में आगे विवेचना की जा रही है।


