बिलासपुर। CG VIDEO : जिले में यातायात नियमों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। कोनी रोड का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक स्कूटी पर चार स्कूली बच्चे सवार नजर आ रहे हैं। सभी बिना हेलमेट के सड़क पर चलते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि शहर की सड़कों पर नियमों की खुलेआम अनदेखी के बावजूद जिम्मेदारों की निगरानी और कार्रवाई कितनी प्रभावी है।
वायरल वीडियो में एक स्कूटी पर चार स्कूली बच्चे सवार दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो बिलासपुर के कोनी रोड का है। बच्चों ने हेलमेट नहीं पहना है और एक ही दोपहिया वाहन पर क्षमता से कई गुना ज्यादा सवारी बैठी नजर आ रही है। शहर में इससे पहले भी नाबालिगों के वाहन चलाने, बिना हेलमेट सड़क पर फर्राटा भरने और एक बाइक या स्कूटी पर तीन-चार लोगों के सवार होने के वीडियो सामने आते रहे हैं। ऐसे मामलों में चालानी कार्रवाई जरूर की जाती है, लेकिन बार-बार सामने आ रही तस्वीरें यह सवाल खड़ा करती हैं कि क्या केवल चालान काटने से यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सकता है? खासकर स्कूली बच्चों के मामले में अभिभावकों की जिम्मेदारी के साथ-साथ सड़क पर प्रभावी निगरानी भी जरूरी है। अब इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद देखना होगा कि संबंधित विभाग मामले का संज्ञान लेकर सिर्फ चालान तक कार्रवाई सीमित रखता है या नियम तोड़ने वालों और वाहन उपलब्ध कराने वालों की जिम्मेदारी भी तय की जाती है।


