अम्बिकापुर। Chhath Mahaparv: सरगुजा जिले के अम्बिकापुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 13 स्थित पैलेस घाट पर छठ महापर्व पूरे भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
पैलेस घाट पूजा सेवा समिति के तत्वावधान में छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पर पहुंचे। व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य देव को विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की मंगलकामना के लिए पूजा-अर्चना की।

छठी मैया के जयकारों से पूरा घाट गूंज उठा। पारंपरिक छठ गीतों और भक्तिमय माहौल ने पर्व की रौनक बढ़ा दी।
सूर्य उपासना और लोक आस्था का महापर्व छठ अम्बिकापुर में पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।


