कांकेर। CG NEWS : जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के कार्यालय में शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया।


जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बसंत यादव की अध्यक्षता में आयोजित संगठनात्मक समीक्षा बैठक में ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान, स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिलों के खिलाफ चलाए जा रहे आंदोलन की ब्लॉकवार समीक्षा की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने की रणनीति बनाई गई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर मतदाताओं के नाम काटकर उनके लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान ने भाजपा सरकार की जड़ें हिला दी हैं। यह अभियान केवल कांग्रेस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा का जनआंदोलन है।

बैज ने आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित देशव्यापी मार्च का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने अभियान को गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाकर आम जनता को जागरूक करने पर जोर दिया।
बाइट01 दीपक बैज – कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष


