रायपुर। CG Weather: राजधानी में सुबह साफ आसमान के बाद दोपहर तक मौसम का नजारा बदल सकता है। रायपुर में आंशिक बादल छाने का अनुमान है, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। गरज-चमक के दौरान तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
राजधानी में 32 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
रायपुर के पूर्वानुमान के मुताबिक, अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सुबह आसमान साफ रहने की संभावना है, लेकिन दोपहर बाद बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है।

दक्षिणी हिस्सों में हवा और बारिश का असर
मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के संकेत दिए हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बारिश के साथ गरज-चमक की गतिविधियां होने की संभावना को देखते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
खराब मौसम के दौरान बाहर मौजूद लोगों को सुरक्षित जगह पर रुकना चाहिए। खासकर बिजली चमकने पर पेड़ों और बिजली के खंभों के पास शरण लेने से बचें। खुले मैदान में रहने के बजाय किसी पक्के भवन में जाना अधिक सुरक्षित होगा।


