गरियाबंद:- उच्च शिक्षा प्राप्त विभिन्न सरकारी पदों पर आसीन बेंदकुरा के युवाओं ने पौधा रोपण कर समाज और पर्यावरण के प्रति लोगों को किए जागरूक
गिरिश गुप्ता
गरियाबंद:- उच्च शिक्षा प्राप्त कर सरकारी और अन्य सेवाओं में कार्यरत ग्राम बेंदकुरा के युवाओं ने समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए एक प्रेरणादायक पहल की है। व्यस्त दिनचर्या के बावजूद, इन युवाओं ने अपने छुट्टी के दिन का सदुपयोग प्रकृति को संवारने में किया।
ग्राम उत्थान युवा समिति के बैनर तले आयोजित इस अभियान में देखा गया कि कैसे विभिन्न पदों पर आसीन ये युवा हाथों में फावड़ा और पौधे लेकर पूरी तन्मयता से पौधारोपण कर रहे हैं। इन शिक्षित युवाओं का स्पष्ट मानना है कि केवल किताबी ज्ञान या नौकरी तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना भी उतना ही आवश्यक है।
भविष्य में संगठन बनाकर बड़े स्तर पर होगा काम:
इस अवसर पर युवाओं ने संकल्प लिया कि भविष्य में एक औपचारिक संगठन (ऑर्गेनाइजेशन) बनाकर और भी वृहद स्तर पर पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के कार्य किए जाएंगे। उनकी कोशिश रहेगी कि गांव और क्षेत्र की संपूर्ण युवा पीढ़ी को इस अभियान से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।
अभियान में इनका रहा विशेष योगदान:
इस पुनीत कार्य में गांव के कई नौकरीपेशा युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इनमें प्रमुख रूप से सर्व श्री राधे लाल ध्रुव (वरिष्ठ शिक्षक), टेमन लाल ध्रुव (शिक्षक), टंकेश्वर सिंह ध्रुव (नगर सैनिक सेवा), कु. ममता ध्रुव (प्रधान पाठिका), यामिनी ध्रुव (शिक्षिका), विजेंद्र ध्रुव (लिपिक सेवा), निशि ध्रुव (बैंकिंग सेवा), राजेश्वर यादव (पुलिस सेवा), प्रवीण ध्रुव (पुलिस सेवा), कमलेश्वरी ध्रुव (पुलिस विभाग), सेवन ध्रुव (सीआरपीएफ), लिलेश ध्रुव (स्वास्थ्य विभाग), राधिका ध्रुव (स्वास्थ्य विभाग), थानसिंह ध्रुव (रोजगार सहायक), वीणा मेश्राम व रानू ध्रुव (आंगनबाड़ी कार्यकर्ता), हरिओम सोनवानी (शोधार्थी: ग्रामीण विकास प्रबंधन एवं समाजसेवी) और प्रदीप ध्रुव (राजस्व विभाग) शामिल रहे।
इसके साथ ही, जनप्रतिनिधि श्री वालेश मरकाम (सरपंच) और श्री गणेश राम ध्रुव (जनपद सदस्य) का विशेष सहयोग और मार्गदर्शन इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण रहा। समस्त ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसमें अपना योगदान दिया।

