रायपुर। CG NEWS: छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और युवाओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। कॉलेजों में नए पाठ्यक्रम शुरू करने से लेकर भवन निर्माण, शिक्षकों की भर्ती, कौशल विकास और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार तक कई स्तरों पर काम किया जा रहा है। उच्च शिक्षा विभाग का बजट वर्ष 2023-24 में 1,277 करोड़ रुपये था, जो बढ़कर वर्ष 2026-27 में 1,816 करोड़ रुपये हो गया है। इस तरह विभाग के बजट में लगभग 42 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। बीते तीन वर्षों के दौरान प्रदेश में 13 नए शासकीय महाविद्यालय भी शुरू किए गए हैं।
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने नवा रायपुर अटल नगर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित पत्रकार वार्ता में विभाग की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा के साथ रोजगार से जुड़े कौशल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। खासतौर पर ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने के लिए संस्थानों में सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति से पाठ्यक्रमों में बदलाव
प्रदेश में जुलाई 2024 से राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू की जा रही है। इसके तहत विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय उनके सर्वांगीण विकास और रोजगारपरक दक्षताओं पर ध्यान दिया जा रहा है। पाठ्यक्रमों में भारतीय ज्ञान प्रणाली को भी शामिल किया गया है। अखिल भारतीय उच्च शिक्षा सर्वेक्षण (AISHE) की वर्ष 2023-24 की रिपोर्ट के अनुसार छत्तीसगढ़ का सकल नामांकन अनुपात (GER) 24.8 प्रतिशत दर्ज किया गया है।
इंटर्नशिप नीति-2026 से मिलेगा व्यावहारिक अनुभव
विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ कार्यक्षेत्र का अनुभव देने के लिए इंटर्नशिप नीति-2026 तैयार की गई है। इसके अंतर्गत स्नातक पाठ्यक्रम के छठवें सेमेस्टर में विद्यार्थियों को उद्योगों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों के साथ जुड़कर 60 घंटे की इंटर्नशिप करनी होगी। इसके लिए कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में इंटर्नशिप सेल बनाए जाएंगे। साथ ही समन्वयकों को प्रशिक्षित करने के लिए संभाग स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इस दिशा में 30 अक्टूबर 2026 को कुलसचिवों और प्राचार्यों का ऑनलाइन प्रशिक्षण भी आयोजित किया जा चुका है।
148 कॉलेजों में अंग्रेजी कम्युनिकेशन कोर्स, 10 हजार विद्यार्थी जुड़े
जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों में अंग्रेजी बोलने और संवाद करने का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए 90 घंटे का अंग्रेजी कम्युनिकेशन कोर्स चलाया जा रहा है। प्रदेश के 148 शासकीय महाविद्यालयों में संचालित इस पाठ्यक्रम में करीब 10 हजार विद्यार्थी नामांकित हैं। इसमें रोजमर्रा की बातचीत, अपने विचारों को व्यक्त करने और व्यावहारिक अंग्रेजी के इस्तेमाल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कॉलेजों के भवन और सुविधाओं के लिए 418.25 करोड़ रुपये
उच्च शिक्षा संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 84 महाविद्यालयों के भवन निर्माण हेतु 418.25 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा 13 कॉलेजों में छात्रावास, 33 में अतिरिक्त कक्ष, 10 में बाउंड्रीवॉल और 50 महाविद्यालयों में अतिरिक्त शौचालय निर्माण को मंजूरी दी गई है। शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर में ऑडिटोरियम और शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय रायपुर में बॉटनिकल गार्डन बनाने की स्वीकृति भी दी गई है।
तीन साल में 13 नए सरकारी कॉलेज, 391 पदों का सृजन
प्रदेश में उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ाने के लिए पिछले तीन वर्षों में 13 नए शासकीय महाविद्यालय शुरू किए गए हैं। वर्ष 2026-27 में मुंगेली जिले के कंतेली, रायपुर जिले के बेंद्री, धमतरी जिले के करेलीबाड़ी, बलौदाबाजार जिले के सुहेला और नवा रायपुर में संगीत महाविद्यालय प्रारंभ किए गए हैं। इन नए महाविद्यालयों के लिए 391 पदों का सृजन किया गया है। इसके अलावा स्नातक स्तर के आठ महाविद्यालयों और स्नातकोत्तर स्तर के एक महाविद्यालय में नए विषय और संकाय शुरू करने की अनुमति दी गई है। बीते तीन वर्षों में कॉलेजों में 3,356 अतिरिक्त सीटों की भी मंजूरी दी गई है।
प्राध्यापकों की पदोन्नति और भर्ती प्रक्रिया में तेजी
लंबे समय से लंबित पदोन्नति मामलों का निराकरण करते हुए 364 सहायक प्राध्यापकों को प्राध्यापक पद पर पदोन्नत किया गया है। वहीं 151 पदोन्नत प्राध्यापकों को स्नातक प्राचार्य बनाया गया है। स्नातक प्राचार्य के 151 अन्य पदों पर पदोन्नति के लिए 293 पदोन्नत प्राध्यापकों का प्रस्ताव लोक सेवा आयोग को भेजा गया है। शासकीय महाविद्यालयों में प्राध्यापकों के 595 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में चल रही है। इसके अलावा प्रयोगशाला तकनीशियन के 260 और प्रयोगशाला परिचारक के 430 पदों पर सीधी भर्ती की गई है। विभिन्न कार्यालयों में 364 कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है। शोध कार्यों को बढ़ावा देने के लिए 577 पीएचडी अनुमतियां जारी की गई हैं, जबकि 105 आवेदनों पर प्रक्रिया जारी है।
नौ विश्वविद्यालयों को 264.97 करोड़ रुपये का अनुदान
प्रदेश के नौ राजकीय विश्वविद्यालयों को वर्तमान वित्तीय वर्ष सहित चार वर्षों में 255.56 करोड़ रुपये स्थापना अनुदान और 9.41 करोड़ रुपये पूंजीगत अनुदान दिया गया है। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर, शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ और हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग शुरू करने की अनुमति दी गई है। वहीं पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर में फॉरेंसिक साइंस और वाणिज्य संकाय में अध्ययनशालाएं शुरू करने की मंजूरी प्रदान की गई है।
43 नए निजी कॉलेज खोलने की अनुमति
प्रदेश में उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाने के लिए शैक्षणिक सत्र 2023-24 से 2026-27 तक 43 नए अशासकीय महाविद्यालय शुरू करने की अनुमति दी गई है। इसके साथ ही 234 निजी महाविद्यालयों में नए विषय, सीटों में बढ़ोतरी और अतिरिक्त अनुभाग शुरू करने की स्वीकृति दी गई है। रायगढ़ जिले के बटमूल आश्रम महाविद्यालय साल्हेओना (महापल्ली) को वर्ष 2026 में 80 प्रतिशत स्थापना अनुदान देने की मंजूरी भी मिली है।
डिजिटल सुविधाओं से आसान होंगे प्रशासनिक काम
उच्च शिक्षा विभाग में तकनीक के इस्तेमाल को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। विद्यार्थियों का डिजिटल रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के लिए केंद्रीकृत विद्यार्थी पंजीयन प्रणाली ‘एचई ऑनलाइन’ विकसित की गई है। वहीं मोबाइल पर अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के लिए ‘ई-ज्ञानार्जन’ एप संचालित किया जा रहा है। विश्वविद्यालयों, क्षेत्रीय कार्यालयों और महाविद्यालयों में ई-ऑफिस व्यवस्था लागू की जा रही है। निजी महाविद्यालयों और उनके कर्मचारियों का रिकॉर्ड एक जगह उपलब्ध कराने के लिए पोर्टल पर पंजीयन की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
विभागीय कार्यों में अनियमितताओं और शिकायतों पर कार्रवाई का भी विवरण दिया गया। मंत्री के अनुसार शिकायतों से जुड़े 13 मामलों में अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित किया गया है, जबकि नौ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है।
रूसा और पीएम-उषा के माध्यम से संस्थानों का होगा विकास
उच्च शिक्षा संस्थानों की गुणवत्ता सुधारने के लिए राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के पहले और दूसरे चरण में प्रदेश के 86 शैक्षणिक संस्थानों के लिए लगभग 400 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इनमें से अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं और बाकी कार्य 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम-उषा) के तहत प्रदेश के 21 शैक्षणिक संस्थानों की स्वीकृत परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है।
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार, रोजगारपरक पाठ्यक्रम, शोध और नवाचार को प्रोत्साहन देने के साथ विद्यार्थियों के लिए बेहतर अवसर तैयार किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के युवा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और जरूरी कौशल हासिल कर आत्मनिर्भर बनें तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।


