कोरबा। CG NEWS :छत्तीसगढ़ के कोरबा में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने SECL कुसमुंडा के सीएमपीएफ विभाग में पदस्थ एक क्लर्क को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी क्लर्क मनोहर लाल कौशिक पर एक खदान कर्मी से 5 लाख रुपए पीएफ निकालने के बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, SECL कुसमुंडा में कार्यरत खदान कर्मी अपना पीएफ का पैसा निकालना चाहते थे। उन्होंने इसके लिए सीएमपीएफ विभाग के क्लर्क मनोहर लाल कौशिक से संपर्क किया। आरोप है कि क्लर्क ने फाइल आगे बढ़ाने के लिए कई बार चक्कर लगवाए और काम के बदले रिश्वत की मांग की।

क्लर्क की हरकतों से परेशान होकर खदान कर्मी ने भिलाई स्थित सीबीआई टीम से शिकायत की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीबीआई ने एक टीम गठित कर कुसमुंडा भेजी। रविवार सुबह भिलाई से पहुंची सीबीआई टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
रविवार को कार्यालय बंद था, क्लर्क ने खदान कर्मी को किसी दूसरे स्थान पर बुलाया था। जैसे ही क्लर्क मनोहर लाल कौशिक ने रिश्वत की रकम ली, सीबीआई टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
क्लर्क को गिरफ्तार कर ले गई टीम
सीबीआई टीम आरोपी क्लर्क को अपने साथ ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई से अन्य विभागों में भी खलबली मच गई है। खदान कर्मियों ने सीबीआई की इस कार्रवाई की सराहना की है, क्योंकि लंबे समय से पीएफ निकासी में देरी और रिश्वतखोरी की शिकायतें मिल रही थीं।


