अंतागढ़ ,भानुप्रतापपुर। CG NEWS: भानुप्रतापपुर-अंतागढ़ मार्ग पर घोड़ापत्थर के पास सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार पांच युवक घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल युवकों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी युवक ग्राम केवटी से भानुप्रतापपुर की ओर आ रहे थे।

बताया जा रहा है कि सभी एक ही परिवार के हैं। घोड़ापत्थर के पास पहुंचने पर उनकी कार सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांचों युवक घायल हो गए।
तीन घायलों को किया गया रेफर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भानुप्रतापपुर पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। तीन युवकों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पताल रेफर कर दिया गया।
छह दिनों से खड़ा था ट्रक, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक पिछले छह दिनों से सड़क किनारे खराब हालत में खड़ा था। ऐसे में मौके पर चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर या अन्य सुरक्षा इंतजाम नहीं होने की बात सामने आई है। घायल युवकों में से एक के अनुसार, सामने से आ रहे वाहन की तेज हेडलाइट के कारण सड़क किनारे खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और कार उससे जा भिड़ी।
घटना ने सड़क किनारे लंबे समय तक खराब वाहन खड़े रहने और उनके आसपास पर्याप्त सुरक्षा संकेतक लगाए जाने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि ट्रक के पास उचित चेतावनी संकेतक लगाए गए होते, तो संभवतः वाहन चालकों को पहले से सतर्क होने का मौका मिल सकता था।


