गिरीश गुप्ता गरियाबंद। जिले के शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम पेंड्रा में आपसी विवाद के दौरान कुल्हाड़ी से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के मुताबिक, शोभा थाना को सूचना मिली थी कि ग्राम पेंड्रा में एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से हमला कर एक व्यक्ति को घायल कर दिया है, जबकि एक अन्य की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी हीरालाल नागेश, निवासी पेंड्रा, घटना के बाद कुल्हाड़ी अपने पास रखकर अपने घर में छिप गया था। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि आपसी विवाद के चलते वह गुस्से में आ गया था। आरोप है कि उसने नरेंद्र सोरी के घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया।
इसी दौरान नरेंद्र सोरी को बचाने के लिए खोलबहरा सोरी बीच-बचाव करने पहुंचे। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खोलबहरा सोरी को भी जान से मारने की धमकी देते हुए कुल्हाड़ी से उनके सिर, गले और गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से खोलबहरा सोरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान खोलबहरा सोरी (46 वर्ष), पिता फागुराम सोरी, निवासी ग्राम पेंड्रा, थाना शोभा के रूप में हुई है। वहीं हमले में घायल नरेंद्र सोरी का उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस ने मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी हीरालाल नागेश के खिलाफ BNS की धारा 103(1), 109(1) और 332(क) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
हीरालाल नागेश, पिता रूपधर नागेश, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम पेंड्रा, थाना शोभा, जिला गरियाबंद।
पुलिस मामले में घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

