महासमुंद। CG NEWS: महासमुंद जिले के बसना में खाद की कालाबाज़ारी का बड़ा खुलासा हुआ है। किसानों ने खुद स्टिंग ऑपरेशन कर एक कृषि केंद्र संचालक पर निर्धारित कीमत से दोगुने दाम में खाद बेचने का आरोप लगाया है। आरोप है कि 269 रुपये की यूरिया खाद 540 रुपये में बेची जा रही है। इतना ही नहीं, किसानों को जबरन कीटनाशक और अन्य दवाइयां खरीदने के लिए भी मजबूर किया जा रहा है। शिकायत और वीडियो सबूत देने के बाद भी प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होने से किसानों में भारी नाराज़गी है।
खेती के सीजन में खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों के सामने अब कालाबाज़ारी की मार भी पड़ रही है। मामला बसना क्षेत्र के बंसुला स्थित विजय कृषि सेवा केंद्र का है, जहां किसानों ने स्टिंग ऑपरेशन कर दुकानदार पर मनमानी वसूली का आरोप लगाया है। वायरल वीडियो में दुकान संचालक सत्या साहू कथित तौर पर 269 रुपये की यूरिया खाद के बदले 540 रुपये मांगता दिखाई दे रहा है। किसानों का कहना है कि सिर्फ महंगे दाम ही नहीं, बल्कि खाद लेने आने वाले किसानों पर कीटनाशक, विटामिन और दूसरी कृषि दवाइयां खरीदने का दबाव भी बनाया जाता है।

यदि किसान अतिरिक्त सामान लेने से मना करें तो उन्हें खाद खत्म होने का हवाला देकर लौटा दिया जाता है। किसानों ने इस पूरे मामले का वीडियो बनाकर प्रशासन को शिकायत भी सौंप दी है, लेकिन अब तक किसी तरह की ठोस कार्रवाई नहीं होने से सवाल खड़े हो रहे हैं। किसानों का आरोप है कि खाद माफियाओं और जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत के कारण अन्नदाता खुलेआम लुट रहा है। अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस स्टिंग वीडियो के सामने आने के बाद कार्रवाई करता है या फिर किसानों को अपने हक के लिए सड़क पर उतरना पड़ेगा।

