रायपुर। CG NEWS: PV ऐप से फसल सत्यापन में आ रही परेशानियों को लेकर पटवारी संघ और प्रशासन के बीच टकराव बढ़ता दिख रहा है। तकनीकी दिक्कतों, विभागीय कार्रवाई और पुराने लंबित मुद्दों से नाराज पटवारियों ने अब 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है। रायपुर जिले के पटवारी भी प्रांतीय आह्वान पर इस आंदोलन में शामिल होंगे।
संघ का कहना है कि PV ऐप के जरिए खेत स्तर पर फसल का भौतिक सत्यापन करते समय कई तरह की दिक्कतें सामने आ रही हैं। कहीं नेटवर्क की समस्या है, तो कहीं लोकेशन और ऐप संचालन में परेशानी हो रही है। इन समस्याओं को लेकर शासन और विभाग को पहले भी अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक व्यावहारिक समाधान नहीं निकला है।

कार्रवाई पर संघ ने जताई आपत्ति
पटवारी संघ ने बलौदाबाजार और महासमुंद जिले में की गई कार्रवाई को लेकर भी नाराजगी जताई है। संघ के अनुसार, PV ऐप के बहिष्कार के मामले में कुछ पटवारियों को नोटिस, तबादला और निलंबन जैसी कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। संघ ने इसे अनुचित बताते हुए ऐसे आदेशों को वापस लेने की मांग की है।
कई जिम्मेदारियों के बीच बढ़ा दबाव
संघ का कहना है कि पटवारी पहले से ही डिजिटल क्रॉप सर्वे, एग्रीस्टैक पंजीयन, किसान पंजीयन, बकेट क्लेम, जनगणना, लघु सिंचाई संगणना, रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्ग सर्वे, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, स्वामित्व योजना और सेवा संकल्प शिविर जैसे कई काम संभाल रहे हैं। ऐसे में तकनीकी खामियों का समाधान किए बिना कार्रवाई करना गलत है।
पुरानी मांगें भी फिर उठीं
पटवारी संघ ने वेतन विसंगति दूर करने और पदोन्नति से जुड़े लंबित मामलों पर भी जल्द निर्णय लेने की मांग की है। संघ का कहना है कि वर्षों से मांगें लंबित हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
कामकाज प्रभावित होने की आशंका
अगर पटवारी 13 अक्टूबर से हड़ताल पर जाते हैं, तो राजस्व विभाग से जुड़े कई काम प्रभावित हो सकते हैं। किसान पंजीयन, फसल सत्यापन, प्रमाण पत्र और सर्वे कार्यों में देरी की संभावना है। संघ ने साफ किया है कि जब तक PV ऐप की समस्याओं का समाधान, कार्रवाई वापसी और लंबित मांगों पर निर्णय नहीं होगा, आंदोलन जारी रह सकता है।


