रायपुर। CG NEWS: राजधानी रायपुर के तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एनडीपीएस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी 28 जनवरी को हुई छापामार कार्रवाई के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि वे पहले से गिरफ्तार महिला आरोपी मधु मिश्रा को गांजा और प्रतिबंधित नाइट्रोसन टैबलेट की सप्लाई करते थे। मंगलवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 28 जनवरी को धारा 20 (बी), 22(सी) एनडीपीएस एक्ट और 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी मधु मिश्रा को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 73 किलोग्राम गांजा, प्रतिबंधित नाइट्रोसन टैबलेट, 1 लाख 87 हजार रुपये नगद, छह मोबाइल फोन, एक टैब और तीन बटनदार चाकू जब्त किए गए थे। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 41 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई थी।

इस मामले में ओडिशा के कालाहांडी निवासी प्रणब कुमार नाइक और नुवापाड़ा निवासी सफीकुल रहमान की तलाश की जा रही थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके बाद तिल्दा नेवरा पुलिस ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी लगातार मधु मिश्रा को मादक पदार्थ और प्रतिबंधित टैबलेट उपलब्ध कराते थे।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। राजधानी में इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।


