
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना कैंप में सार्वजनिक श्री श्री दुर्गा पूजा समिति द्वारा पुरी के जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर भव्य दुर्गा पूजा पंडाल तैयार किया गया है। आकर्षक सजावट और पंडाल की भव्यता श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसे देखने के लिए छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

इसी कड़ी में महासप्तमी के अवसर पर ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा भी भव्य पंडाल पहुंचे। यहां उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए सभी को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ग्रैंड न्यूज़ चैनल के माध्यम से मां दुर्गा के भव्य पंडाल का लाइव प्रसारण किया जा रहा है, ताकि प्रदेशभर के श्रद्धालु घर बैठे ही माता रानी के दर्शन कर सकें और इस भव्य आयोजन से जुड़ सकें। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के भव्य धार्मिक आयोजन हमारी आस्था, संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के साथ ही समाज में एकता और सद्भाव का संदेश भी देते हैं।

पुरी के जगन्नाथ मंदिर और दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर की थीम पर बने पंडाल
माना कैंप में इस वर्ष दुर्गा पूजा के अवसर पर पुरी के जगन्नाथ मंदिर और दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर आकर्षक पंडालों का निर्माण किया गया है। इन पंडालों की भव्यता, कलात्मक सजावट और धार्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। पंडालों को देखने और मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं।
पारंपरिक बंगाली रीति-रिवाज से हो रही पूजा
आधुनिक सजावट और भव्य पंडालों के बीच यहां मां दुर्गा की पूजा पारंपरिक बंगाली विधि-विधान के अनुसार की जाती है। ढाक की पारंपरिक थाप और षष्ठी से लेकर विजयादशमी तक निभाई जाने वाली विशेष धार्मिक रस्में आयोजन को विशिष्ट बनाती हैं। आस्था, परंपरा और भव्यता का यह संगम माना कैंप की दुर्गा पूजा को खास पहचान दे रहा है।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष रंजीत कुमार डे, ग्रैंड विजन के वरिष्ठ पदाधिकारी अमोल गरुड़ी, कौशिक दत्ता के साथ समिति के अन्य सदस्यों और हजारों श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहा।





