जांजगीर। CG News: 3 फरवरी 2026 को मत्स्य विभाग कुलिकोटा जांजगीर में राष्ट्रीय मछुआरा समाज द्वारा अपने हक और रोज़ी-रोटी के अधिकार को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया था। इस प्रदर्शन में समाज की महिलाएं भी शामिल हुई थीं।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान कुछ महिलाएं लघु शंका के लिए कार्यालय के पीछे खाली जगह में गईं, तभी सीताराम अहिरवार नामक व्यक्ति द्वारा उन्हें गंदगी फैलाने की बात कहते हुए अश्लील शब्दों का प्रयोग किया गया और डराया-धमकाया गया। आरोप है कि जातिसूचक टिप्पणी करते हुए कहा गया कि “तुम निम्न जाति के लोग हो, मेरा क्या बिगाड़ सकते हो, मेरी पहुंच मंत्रालय तक है।”
घटना से महिलाएं डर गईं और घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद राष्ट्रीय मछुआरा समाज में आक्रोश फैल गया।
समाज के लोगों ने सिटी कोतवाली जांजगीर और एसपी कार्यालय में लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपी सीताराम अहिरवार के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है।


