तिल्दा-नेवरा। CG NEWS: बच्चों को पढ़ाई के लिए जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन की ओर से बाल दिवस पर अदाणी पावर प्लांट, रायखेड़ा परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आसपास के गाँवों के 121 बच्चों और 101 अभिभावकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन के नवोदय कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल बैग और ज्योमेट्री सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अदाणी पावर प्लांट के प्रोजेक्ट हेड अशोक सिंह यादव उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में एचआर हेड नागेश्वर राव, एचआर विभाग के देबासिस दास और अदाणी फाउंडेशन की सीएसआर हेड श्रीमती प्रीति प्रजापति शामिल हुईं। इसके अलावा अदाणी फाउंडेशन की सीएसआर टीम, शिक्षा विभाग की टीम, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि अशोक सिंह यादव ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही आगे चलकर वैज्ञानिक, शिक्षक, इंजीनियर, प्रशासक और देश के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। उन्होंने बच्चों को नियमित पढ़ाई, अनुशासन, समय का सही उपयोग और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए प्रश्नोत्तरी, रचनात्मक गतिविधियों और प्रेरणादायक संवाद सत्रों का आयोजन भी किया गया। बच्चों ने इनमें उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा दर्शाई। अभिभावकों ने फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को उत्कृष्ट शैक्षणिक सामग्री और सही मार्गदर्शन मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। इससे उन्हें पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने और भविष्य के लिए तैयारी करने में मदद मिलती है। उन्होंने नवोदय कोचिंग सेंटर और फाउंडेशन की अन्य शैक्षणिक गतिविधियों को भी बच्चों के लिए उपयोगी बताया।कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को स्कूल बैग और ज्योमेट्री सामग्री दी गई। बच्चों ने खुशी जताते हुए अदाणी फाउंडेशन और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए लगातार मेहनत करने का संकल्प भी लिया। समापन पर अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अपने सपने पूरे करने और समाज व देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
अदाणी फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में काम कर रहा है। शिक्षा से जुड़े इसके कार्यक्रमों के तहत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर मार्गदर्शन और व्यक्तित्व विकास के अवसर दिए जा रहे हैं। फाउंडेशन ने भविष्य में भी शिक्षा और बाल विकास से जुड़े ऐसे कार्यक्रम जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।


