बिलासपुर। CG NEWS : जिले में अंतिम संस्कार के बाद एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने मौके पर मौजूद लोगों को हैरान कर दिया। मंगला के धुरीपारा में वृद्धा के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे मामा-भांजे की आटो अचानक पीछे की ओर बढ़ी और सीधे जलती चिता में जा घुसी। देखते ही देखते आटो आग की चपेट में आ गई। हादसे में आटो चालक मामा और उनका भांजा झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है।
दरअसल, सिविल लाइन क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक निवासी दशरथ सिंह राजपूत आटो चलाते हैं। शुक्रवार को मंगला की दीनदयाल कॉलोनी में रहने वाली उनकी रिश्तेदार वृद्धा की मौत हो गई थी। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दशरथ अपने भांजे शैलेंद्र सिंह के साथ धुरीपारा पहुंचे थे। अंतिम संस्कार के बाद दोनों आटो से घर लौटने की तैयारी कर रहे थे।

इसी दौरान आटो रिवर्स गियर में लगी होने के कारण स्टार्ट करते ही पीछे की ओर बढ़ गई और वहां जल रही चिता में जा घुसी। अचानक हुए इस हादसे में दशरथ और शैलेंद्र आग की चपेट में आकर झुलस गए। दोनों ने किसी तरह आटो से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन चिता की आग से आटो पूरी तरह जलकर राख हो गई। हादसे के बाद झुलसे मामा-भांजे को इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों का उपचार जारी है।

