अभनपुर। CG NEWS: अभनपुर-राजिम मार्ग पर माणिकचौरी के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सड़क किनारे शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आया होगा, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान देवाराम साहू (48 वर्ष) के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय जुगराम साहू के पुत्र थे। उनका वर्तमान पता विश्वास सिटी, हनुमान मंदिर के पीछे, गातापार बताया गया है, जबकि उनका स्थायी पता नायकबांधा, अभनपुर है।

माणिकचौरी के पास शव मिलने के बाद अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका के साथ पुलिस अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि देवाराम साहू वहां कैसे पहुंचे और उनके साथ आखिर क्या हुआ।


