दुर्ग। CG ACCIDENT NEWS : जिले में एक बार फिर सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पहला हादसा भिलाई टाउनशिप के सेक्टर-5 में हुआ, जहां गरबा खेलकर घर लौट रही 20 साल की युवती की जान चली गई। वहीं दूसरा हादसा 32 बंगला चौक के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक की टक्कर में 56 वर्षीय सब्जी विक्रेता ने दम तोड़ दिया। लगातार हो रहे सड़क हादसे अब सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
दरअसल पहला हादसा सेक्टर-5 के फॉरेस्ट एवेन्यू मार्ग पर हुआ। अक्षिता अवचट अपने परिचित 17 वर्षीय आयुष कुमार पचौरी के साथ गरबा खेलने गई थी। रात में दोनों स्कूटी से तालपुरी स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान सीमेंट प्लांट के पास रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर हालत में दोनों को सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रात करीब 3 बजे अक्षिता की मौत हो गई। आयुष का इलाज जारी है। बेटी की मौत की खबर के बाद परिवार में मातम पसरा है।वहीं दूसरा हादसा भिलाई के 32 बंगला चौक के पास हुआ। 56 वर्षीय सब्जी विक्रेता बसंत पगारे अपने साथी विनोद सागर और राजेंद्र ध्रुव के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पल्सर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि पल्सर सवार एक स्कूटी को बचाने की कोशिश कर रहा था।हादसे में बसंत के सिर पर गंभीर चोट आई। उन्हें सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके दोनों साथी घायल हैं, जिनमें से एक आईसीयू में भर्ती है। पल्सर सवार का भी इलाज जारी है।वहीं एडिशनल एसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि दुर्ग जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। दोनों मामलों में पुलिस द्वारा जांच और आगे की विवेचना की जा रही है।


