रायपुर। RAIPUR NEWS : बंजारी दरगाह उर्स के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। संदल जुलूस में संदिग्धों की जांच के दौरान 11 चाकू और 350 से अधिक धातु के कड़े बरामद किए गए। पुलिस ने 50 से अधिक संदिग्धों की जांच की और 9 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।


उर्स के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदल जुलूस में शामिल संदिग्ध लोगों की जांच की गई। इस दौरान 50 से ज्यादा लोगों को थाने लाकर पूछताछ और जांच की गई।
इनमें से 9 लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत कार्रवाई की गई। सभी को विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट, सिटी कोतवाली के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

350 से ज्यादा कड़े जब्त
जांच अभियान के दौरान पुलिस ने हाथ में पहनने वाले 350 से ज्यादा धातु के कड़े जब्त किए। इनका कुल वजन करीब 45 किलो है। इसके अलावा 11 चाकू भी बरामद किए गए। इनमें से एक मामले में आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तारी की गई, जबकि अन्य मामलों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
संदिग्धों के खिलाफ लगातार जांच अभियान
यह कार्रवाई डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश और एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला की निगरानी में की गई। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने वालों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल संदिग्धों के खिलाफ लगातार जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान शांति बनाए रखना और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाना है।


