आरंग। CG NEWS: आरंग नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर वितरण की जिम्मेदारी एक बार फिर गिरिजा इंडेन गैस एजेंसी को सौंपे जाने की प्रस्तावित व्यवस्था का विरोध शुरू हो गया है।
इस निर्णय के खिलाफ आरंग के भाजपा पार्षदों ने शुक्रवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपकर 1 दिसंबर 2026 से गिरिजा इंडेन गैस एजेंसी को वितरण कार्य सौंपने के निर्णय पर रोक लगाने की मांग की है। खास बात यह है कि भाजपा पार्षदों द्वारा मई महीने में भी गिरिजा गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर प्रशासन के समक्ष शिकायतें दर्ज कराई गई थीं।



पार्षदों ने वर्तमान ज्ञापन में बताया है कि पूर्व में गिरिजा इंडेन गैस एजेंसी के माध्यम से गैस सिलेंडर वितरण के दौरान उपभोक्ताओं को कई तरह की परेशानियों एवं असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा था। एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार असंतोष की स्थिति बनी हुई थी। इसके बाद उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सत्कार इंडेन गैस एजेंसी को वितरण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पार्षदों के अनुसार, तब से सत्कार इंडेन द्वारा आरंग नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित एवं संतोषजनक ढंग से गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है।
मई में भी उठाए थे एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल
गौरतलब है कि भाजपा पार्षदों ने मई महीने में सौंपे गए अपने पूर्व ज्ञापन में गिरिजा गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए थे। उस समय पार्षदों ने आरोप लगाया था कि एजेंसी का संचालन प्रोपराइटर के बजाय किसी अन्य व्यक्ति द्वारा किया जा रहा है। इसके अलावा घर पहुंच सेवा के नाम पर उपभोक्ताओं से अतिरिक्त राशि वसूलने, बुकिंग किए गए सिलेंडरों की समय पर आपूर्ति नहीं करने तथा उन्हें कथित तौर पर ब्लैक में बेचकर अवैध मुनाफा कमाने जैसी शिकायतें की गई थीं।
पूर्व ज्ञापन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार, कार्यालय में कर्मचारियों द्वारा उचित जानकारी नहीं देने तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों को गुमराह किए जाने के आरोप भी लगाए गए थे। पार्षदों ने यह भी कहा था कि आरंग में एकमात्र गैस एजेंसी होने के कारण उसकी मनमानी बढ़ रही है। ऐसे में आरंग नगर में एक अन्य गैस एजेंसी खोलने की मांग भी की गई थी।
वर्तमान व्यवस्था में बदलाव नहीं करने की मांग
भाजपा पार्षदों ने वर्तमान ज्ञापन में कहा है कि जब सत्कार इंडेन गैस एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं को सुचारु सेवाएं दी जा रही हैं, तब पुनः पूर्व में शिकायतों से जुड़ी रही गिरिजा इंडेन गैस एजेंसी को वितरण की जिम्मेदारी सौंपने का औचित्य समझ से परे है। इससे उपभोक्ताओं को एक बार फिर पुरानी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
पार्षदों ने एसडीएम से मांग की है कि 1 दिसंबर से गिरिजा इंडेन गैस एजेंसी को वितरण कार्य सौंपने के निर्णय पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा सत्कार इंडेन गैस एजेंसी के माध्यम से वर्तमान वितरण व्यवस्था को यथावत जारी रखा जाए। साथ ही गिरिजा इंडेन के विरुद्ध पूर्व में प्राप्त शिकायतों एवं उसकी कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
उन्होंने कहा है कि उपभोक्ताओं की राय और जनहित को प्राथमिकता देते हुए ही गैस वितरण संबंधी निर्णय लिया जाना चाहिए।
अब देखना होगा कि प्रशासन भाजपा पार्षदों द्वारा मई में उठाई गई शिकायतों और वर्तमान में सौंपे गए ज्ञापन पर क्या रुख अपनाता है तथा 1 दिसंबर से प्रस्तावित गैस वितरण व्यवस्था में कोई बदलाव


