तिल्दा-नेवरा। CG NEWS: नगर के गांधी चौक में 24 नवंबर को रात्रि 8 बजे भव्य दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोक गायिका लोक अंजोर गरिमा दिवाकर अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति की छटा बिखेरेंगी।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पूर्व जिला महामंत्री एवं वरिष्ठ समाजसेवी श्री अनिल अग्रवाल का जन्मदिवस समारोह होगा। इस अवसर पर उनका जन्मदिन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। साथ ही समाजहित में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों, जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय व्यक्तियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर नगर एवं अंचल का गौरव बढ़ाने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य दीपावली के पावन पर्व पर आपसी प्रेम, भाईचारा, सामाजिक एकता एवं सद्भाव को मजबूत करना है। साथ ही समाज के लिए समर्पित भाव से कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित कर उनके योगदान को प्रोत्साहित करना है।
समारोह में छत्तीसगढ़ी लोकगीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह के माध्यम से उत्सव का विशेष माहौल देखने को मिलेगा। आयोजकों ने नगर एवं अंचल के समस्त नागरिकों से सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।


