राजनांदगांव। CG NEWS: शहर के गोल बाजार स्थित मटन मार्केट को हटाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को मार्केट में प्रशासन का बुलडोजर चलने की खबर सामने आई है। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी प्रशासनिक और पुलिस अमला तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए एसडीएम, एएसपी, सीएसपी, नगर निगम कमिश्नर, तहसीलदार और नायब तहसीलदार सहित करीब 10 टीआई तथा लगभग 100 पुलिस जवानों की तैनाती की जानकारी सामने आई है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच की जा रही इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मची हुई है।
दरअसल, गोल बाजार स्थित मटन मार्केट को दूसरी जगह स्थानांतरित करने का निर्णय पहले ही लिया जा चुका था। राजगामी संपदा न्यास की बैठक में वर्तमान मटन मार्केट को अन्यत्र विस्थापित करने और संबंधित दुकानों को लेकर कार्रवाई करने का फैसला किया गया था। इसके बाद दुकानदारों को दुकानें खाली करने और बकाया किराया जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे।

प्रशासन की योजना के अनुसार गोल बाजार की चिकन-मटन दुकानों को नंदई स्थित नए हाट बाजार में शिफ्ट किया जाना है। इसके लिए नगर निगम की ओर से नई जगह पर दुकानों की व्यवस्था तैयार की जा रही थी। जानकारी के मुताबिक, नए मटन मार्केट में करीब 55 दुकानों की व्यवस्था बनाने की तैयारी की गई थी, ताकि पुराने बाजार से हटाए जाने वाले व्यापारियों को जगह मिल सके।
इस कार्रवाई को लेकर पहले से ही दुकानदारों में नाराजगी और चिंता थी। व्यापारियों का कहना था कि वे लंबे समय से गोल बाजार में दुकानें संचालित कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। अचानक दुकानें हटने से उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो सकती है। वहीं प्रशासन की ओर से बाजार को निर्धारित स्थान पर शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही थी।
गोल बाजार मटन मार्केट को हटाने का मुद्दा पिछले कुछ समय से शहर में चर्चा का विषय बना हुआ था। अब प्रशासनिक कार्रवाई के बीच इस मामले ने फिर जोर पकड़ लिया है। फिलहाल दुकानों को हटाने और नए स्थान पर बाजार की व्यवस्था को लेकर आगे की स्थिति पर नजर बनी हुई है।


