आरंग। CG NEWS: रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चरौदा निवासी एक युवक के पिकअप वाहन समेत संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवक 6 नवंबर 2026 को रायपुर से मध्यप्रदेश के सतना जाने के लिए निकला था, लेकिन निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचा और न ही अब तक घर वापस लौटा है। युवक का मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है। ऐसे में परिजन किसी अनहोनी की आशंका को लेकर चिंतित हैं और लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लापता युवक की पहचान रेशम साहू, पिता जयशरण साहू, निवासी ग्राम चरौदा के रूप में हुई है। वह 6 नवंबर को रायपुर से अपनी सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 NV 6227 में पौधे लोड कर सतना (मध्यप्रदेश) के लिए रवाना हुआ था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह न तो सतना पहुंचा और न ही घर लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

परिजनों के अनुसार, अपने स्तर पर की गई खोजबीन के दौरान बेमेतरा और कवर्धा मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में युवक की पिकअप गुजरती हुई दिखाई दी है। हालांकि, इसके आगे युवक और वाहन के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। लगातार मोबाइल फोन बंद मिलने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।
युवक के लापता होने की सूचना पर परिजनों ने विधानसभा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। फिलहाल परिजन युवक की सकुशल वापसी की उम्मीद में उसकी तलाश कर रहे हैं।
परिजनों की आमजन से अपील
लापता युवक रेशम साहू का कद लगभग 5 फीट 8 इंच तथा रंग गोरा-सांवला बताया गया है। परिजनों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को भी युवक अथवा सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 NV 6227 के संबंध में कोई जानकारी मिले, तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या नीचे दिए गए मोबाइल नंबरों पर सूचना दें।
संपर्क नंबर:
6261725985
7777889319
8319218307
परिजनों ने लोगों से इस सूचना को अधिक से अधिक साझा करने की अपील की है, ताकि रेशम साहू का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके और वह सकुशल अपने परिवार के बीच लौट सके।


