रायपुर। CG BREAKING: छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के चार अधिकारियों की पदोन्नति के आदेश जारी किए हैं। इनमें 1997 बैच के अधिकारियों को अपर मुख्य सचिव (Apex Scale) और 2002 बैच के अधिकारियों को प्रमुख सचिव वेतनमान में पदोन्नत किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, वरिष्ठ IAS अधिकारी सुबोध कुमार सिंह को Pay Matrix Level-17 (Apex Scale) में पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति के बाद उन्हें अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री के साथ ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ भवन, नई दिल्ली के प्रमुख आवासीय आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, IAS अधिकारी निहारिका बारिक को भी अपर मुख्य सचिव वेतनमान में पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति के बाद वे अपर मुख्य सचिव, गृह एवं जेल विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगी।
इसी तरह, दूसरे आदेश में 2002 बैच के IAS अधिकारी डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव वेतनमान Pay Matrix Level-15 में पदोन्नति दी गई है। पदोन्नति के बाद डॉ. रोहित यादव प्रमुख सचिव, वित्त विभाग के साथ जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त प्रभार और पेंशन निराकरण समिति के अध्यक्ष बने रहेंगे। वहीं, डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग के पद पर पदोन्नत किया गया है।



