अंबिकापुर। CG NEWS : सरगुजा और सूरजपुर जिले में पिछले छह महीनों से आतंक का कारण बने उत्पाती हाथी ‘कबरा’ को आखिरकार वन विभाग की टीम ने ट्रेंकुलाइज कर लिया है। बुधवार सुबह रामगढ़ पहाड़ी के नीचे विशेषज्ञों ने दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों की मदद से उसे बेहोश करने में सफलता हासिल की। इस हाथी के हमलों में अब तक 19 लोगों की जान जा चुकी है। फिलहाल वन विभाग की टीम उसे रेडियो कॉलर पहनाने और सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर पहुंचाने की तैयारी में जुटी है।
कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम पिछले कई दिनों से लगातार उसकी निगरानी कर रही थी। 17 हाथियों के झुंड में शामिल होने के कारण उसे सुरक्षित तरीके से ट्रेंकुलाइज करना काफी चुनौतीपूर्ण हो गया था। मंगलवार रात हाथियों का दल सरमा-चकेरी और तेंदूटिकरा के जंगलों में पहुंचा। इसके बाद बुधवार सुबह वन विभाग की टीम कुमकी हाथियों दुर्योधन और तीरथ के साथ रामगढ़ पहाड़ी के नीचे पहुंची। मौके पर मौजूद वन्यजीव चिकित्सक ने ट्रेंकुलाइजर गन से कबरा को डॉट मारा। दवा का असर होते ही हाथी बेहोश हो गया।

पहले भी की गई थी कोशिश, इस बार मिली सफलता
कबरा को काबू करने के लिए वन विभाग की टीम पहले भी कई बार प्रयास कर चुकी थी। सोमवार को भी कुमकी हाथियों की सहायता से उसे ट्रेंकुलाइज करने की कोशिश की गई थी, लेकिन निशाना चूक जाने के कारण अभियान सफल नहीं हो पाया। इसके बाद टीम ने उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी और सही मौके का इंतजार किया। छह दिनों से चल रहे विशेष अभियान के बाद बुधवार को आखिरकार सफलता मिल गई।
रेडियो कॉलर लगाकर होगी हाथी की निगरानी
ट्रेंकुलाइज किए जाने के बाद कबरा को सुरक्षित तरीके से बांधा गया है। अब उसके गले में रेडियो कॉलर आईडी लगाने की प्रक्रिया की जा रही है। इससे वन विभाग को उसकी लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी मिलती रहेगी। साथ ही विशेषज्ञ टीम उसकी स्वास्थ्य स्थिति की जांच भी करेगी।
सीसीएफ ने दी जानकारी
सीसीएफ वाइल्ड लाइफ प्रणय मिश्रा के मुताबिक, जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कबरा को रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू सेंटर तक पहुंचाना वन विभाग के सामने अगली बड़ी चुनौती होगी। लंबे समय से दहशत का कारण बने इस हाथी के ट्रेंकुलाइज होने से वन विभाग ने राहत की सांस ली है।


