तिल्दा-नेवरा। राष्ट्र विरोधी ताकतों द्वारा लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने एवं देश में अस्थिरता फैलाने के प्रयासों के विरोध में बलौदाबाजार में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस पदयात्रा में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समर्पित कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ शामिल हुए।
इस अवसर पर मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि लगातार चुनावों में जनता का विश्वास हासिल करने में विफल रहने के बाद विपक्ष द्वारा लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाना, जनादेश की गरिमा को ठेस पहुंचाना और देश में अस्थिरता का वातावरण बनाने का प्रयास करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित कर रहा है। लोकतंत्र की मजबूती, संविधान की मर्यादा और जनता के जनादेश का सम्मान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मंत्री श्री वर्मा ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए सकारात्मक सोच एवं मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था आवश्यक है।
इस अवसर पर सांसद लक्ष्मी वर्मा, वरिष्ठ नेता शिवरतन शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, प्रदेश मंत्री अमित साहू, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया, जिला अध्यक्ष आनंद यादव, प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


