जगदलपुर। CG NEWS : बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में शहर के व्यस्त गोल बाजार स्थित बाफना लाइफस्टाइल की सबसे ऊपर स्थित छत पर सोमवार सुबह 21 वर्षीय युवती का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। युवती की मौत को संदिग्ध बताते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और संस्थान के सामने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संस्थान को सील करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, गोल बाजार क्षेत्र में स्थित बाफना लाइफस्टाइल में कपड़ों और ज्वेलरी का कारोबार संचालित होता है। यह संस्थान पूर्व विधायक बाफना का बताया जा रहा है, जिसका संचालन उनके छोटे भाइयों द्वारा किया जाता है। यहां कपड़ों का शोरूम और ज्वेलरी की दुकान संचालित हैं। मृतका करीब एक सप्ताह पहले ही यहां काम पर लगी थी। सोमवार सुबह उसकी मौत की खबर सामने आने के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया।

सिटी कोतवाली प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि बाफना लाइफस्टाइल की सबसे ऊपर स्थित छत पर एक युवती ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शोरूम के सामने परिजनों का हंगामा, युवती की मौत की खबर मिलते ही परिजन बाफना लाइफस्टाइल के सामने एकत्र हो गए। उन्होंने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई और निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हुआ। परिजनों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच होनी चाहिए, ताकि मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके। उन्होंने जांच पूरी होने तक संस्थान को सील करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।


