RAIPUR NEWS : राजधानी रायपुर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। स्कूली ऑटो में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 17 ऑटो चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। साथ ही चालकों को निर्धारित सीट क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चालक की सीट के अगल-बगल बच्चों को बैठाना भी जोखिम भरा है, इससे दुर्घटना की आशंका बढ़ सकती है। वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न करें तथा यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट, रायपुर द्वारा सभी अभिभावकों एवं स्कूल प्रबंधन से अपील की जाती है कि वे बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले ऑटो एवं अन्य वाहनों की निर्धारित क्षमता तथा सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान दें। बच्चों को ऐसे वाहनों में न भेजें, जिनमें क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जाता है या सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया जाता है। पुलिस ने साफ किया है कि बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।




