आरंग। CG NEWS: आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम भानसोज में ग्रामीणों ने लोहे के स्क्रैप से भरी एक पिकअप (डीआई बोलेरो) को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। वाहन क्रमांक WB 57E 7504 बताया गया है। ग्रामीणों ने वाहन में लदा लोहा चोरी का होने की आशंका जताते हुए मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, घटना भानसोज स्थित महामाया पेट्रोल पंप के पास की बताई जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक किशन यादव, मनीष यादव और गजेंश्वर बंजारे बाइक से सड़क किनारे जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही डीआई बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सड़क पर गिर गए, जिसमें मनीष यादव के घायल होने की बात सामने आई है।

हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने वाहन चालक से पूछताछ की और वाहन की जांच की तो उसमें बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लदा मिला। ग्रामीणों के अनुसार, जब चालक से स्क्रैप के स्रोत और उसे कहां ले जाने के संबंध में जानकारी मांगी गई तो उसके जवाब से ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए। इसके बाद ग्रामीणों ने वाहन में लदा लोहा चोरी का होने की आशंका जताई।
ग्रामीणों ने तत्काल 112 पर सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम वाहन को आरंग थाना लेकर आई। इसके बाद शिकायतकर्ता तिलक देवांगन, किशन यादव, मनीष यादव और गजेंश्वर बंजारे ने थाने पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दी और मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि वाहन दूसरे राज्य के पंजीयन का है और इसमें लदे लोहे के स्क्रैप के संबंध में दस्तावेजों एवं स्रोत की जांच की जानी चाहिए। हालांकि, वाहन में लदा लोहा चोरी का है या वैध रूप से परिवहन किया जा रहा था, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
आरंग थाना प्रभारी नरेश साहू ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर वाहन को थाने लाया गया है। चालक और खलासी से पूछताछ की जा रही है तथा जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


