रायपुर। गणेश विसर्जन झांकी को लेकर राजधानी रायपुर में प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात की तैयारियां पूरी कर ली हैं। 28 सितंबर सोमवार को शहर में निकलने वाले गणेश झांकी समारोह के दौरान शाम 6 बजे से कई प्रमुख सड़कों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। भीड़ और झांकी के सुचारु संचालन को देखते हुए यातायात पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते तय किए हैं।
DCP ट्रैफिक अर्चना झा के मुताबिक, झांकी के दौरान शारदा चौक से महादेव घाट विसर्जन स्थल तक का पूरा झांकी मार्ग सामान्य वाहनों के लिए बंद रहेगा। इस रूट पर केवल झांकी में शामिल वाहन और पैदल श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति होगी।

इसके साथ ही शहर के कई अन्य प्रमुख हिस्सों में भी ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेगा। शास्त्री चौक, जयस्तंभ चौक, कोतवाली, पुरानी बस्ती और कंकालीपारा समेत संबंधित मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी।
टाटीबंध, भनपुरी, तेलीबांधा और पचपेड़ी नाका की ओर से रायपुर पहुंचने वाले वाहन चालकों के लिए यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे झांकी मार्ग पर पहुंचने की कोशिश न करें और पहले से निर्धारित डायवर्जन रूट का इस्तेमाल करें।
बाहर से गणेश झांकी देखने या चल समारोह में शामिल होने आने वाले लोगों के लिए भी अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग, रजबंधा मैदान, शास्त्री मार्केट, सीरत मैदान, सप्रे शाला मैदान, इंडोर स्टेडियम, गांधी मैदान, भैंसथान मैदान, जवाहर मार्केट और हिंद स्पोर्ट्स मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क किनारे वाहन खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें। इससे झांकी मार्ग पर भीड़ और जाम की स्थिति से बचने में मदद मिलेगी।
झांकी के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने शहर के जर्जर भवनों को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने को कहा है। निगम ने ऐसे भवनों के मालिकों से झांकी से एक दिन पहले, झांकी वाले दिन और उसके एक दिन बाद तक, यानी कुल तीन दिन तक जर्जर मकानों को बंद रखने की अपील की है।
निगम प्रशासन ने भवन मालिकों से कहा है कि इन तीन दिनों के दौरान वे इन मकानों में रहने से बचें और किसी सुरक्षित स्थान पर रहें। प्रशासन का कहना है कि भीड़भाड़ के दौरान जर्जर भवनों से संभावित दुर्घटना और जनहानि का खतरा बढ़ सकता है।
झांकी को देखते हुए यातायात पुलिस और निगम प्रशासन दोनों ने लोगों से निर्धारित व्यवस्था का पालन करने और सुरक्षा के लिए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।


