बिलासपुर। जिले के महाराणा प्रताप चौक पर सोमवार सुबह एक परिवार की रोजी-रोटी की तलाश दर्दनाक हादसे में बदल गई। पति के साथ बाइक पर बैठकर मजदूरी करने तिफरा जा रही 35 वर्षीय महिला को पीछे से आई बस ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला सड़क पर जा गिरी और बस की चपेट में आ गई। गंभीर हालत में उसे सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए बस और चालक की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक चिंगराजपाय निवासी फिरन साहू मजदूरी करते हैं। सोमवार सुबह करीब 8 बजे वे अपनी पत्नी दुवसिया साहू को बाइक पर बैठाकर तिफरा की निर्माणाधीन साइट पर काम करने के लिए निकले थे। दोनों महाराणा प्रताप चौक के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही फिरन बाइक समेत सड़क के एक तरफ जा गिरे, जबकि पीछे बैठी दुवसिया सड़क पर गिर गईं और बस की चपेट में आ गईं। हादसे में महिला को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए उन्हें सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद बस चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि फरार बस और चालक की पहचान की जा सके। महाराणा प्रताप चौक और आरओबी के आसपास पहले भी सड़क हादसों को लेकर सवाल उठते रहे हैं। खासकर ओवरब्रिज के ढलान और भारी वाहनों की आवाजाही वाले हिस्से में दुर्घटना का खतरा बना रहता है। सोमवार सुबह हुए इस हादसे ने एक बार फिर इस इलाके में यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर चर्चा छेड़ दी है।

