गोरखपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कक्षा 8 में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा पर आरोप है कि वह अपने परिवार के सदस्यों को नींद की गोलियां खिलाकर रात में घर से बाहर निकलती थी और पड़ोस में रहने वाले एक युवक से मिलने जाती थी। मामले का खुलासा तब हुआ, जब बेटी की गतिविधियों पर शक होने के बाद पिता ने पूरी रात जागकर निगरानी की और उसे युवक के घर जाते हुए पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, छात्रा का संपर्क पड़ोस में रहने वाले करीब 22 वर्षीय युवक से था। परिजनों का आरोप है कि छात्रा पिछले काफी समय से रात में घर से निकलकर युवक से मिलने जाती थी। इस मामले में छात्रा के पिता ने गुलरिहा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मुंबई से लौटने के बाद पिता को हुआ शक
बताया जा रहा है कि छात्रा के पिता मुंबई में पेंटिंग का काम करते हैं और लगभग एक महीने पहले ही घर लौटे थे। घर आने के बाद उन्होंने बेटी के व्यवहार में बदलाव महसूस किया। वह काफी समय तक मोबाइल फोन पर बातचीत करती रहती थी और कई बार बिना बताए घर से बाहर भी चली जाती थी।
परिजनों द्वारा समझाने और रोकने के बावजूद उसके व्यवहार में कोई खास बदलाव नहीं आया। इसी दौरान पिता ने एक और बात पर गौर किया। उनका कहना था कि रात में खाना खाने के बाद उन्हें और परिवार के अन्य सदस्यों को सामान्य दिनों की तुलना में काफी गहरी नींद आने लगी थी।
जब पिता ने इस बारे में पत्नी और परिवार के दूसरे सदस्यों से बात की, तो उन्होंने भी इसी तरह की बात बताई। इसके बाद पिता को संदेह हुआ कि कहीं खाने में कुछ मिलाया तो नहीं जा रहा है।
माता-पिता ने बनाई निगरानी की योजना
बेटी की गतिविधियों को लेकर संदेह बढ़ने के बाद पिता ने पत्नी के साथ मिलकर उसकी निगरानी करने का फैसला किया। बताया गया कि 3 जनवरी की रात जब बेटी ने रोज की तरह परिवार के लिए खाना परोसा, तो माता-पिता ने खाना नहीं खाया और उसे अलग रख दिया।
इसके बाद दोनों ने सोने का नाटक किया। रात करीब 11:30 बजे उन्हें घर के अंदर हलचल सुनाई दी। पिता ने खिड़की से बाहर देखा तो कथित तौर पर उनकी बेटी शॉल ओढ़कर घर से बाहर निकलती दिखाई दी।
इसके बाद माता-पिता भी चुपचाप उसके पीछे निकल गए। करीब 200 मीटर की दूरी तय करने के बाद छात्रा पड़ोस में रहने वाले युवक के घर के अंदर चली गई। परिजनों ने वहां पहुंचकर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में छात्रा ने बताई पूरी बात
परिजनों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान छात्रा ने बताया कि वह करीब एक साल से युवक के संपर्क में थी। आरोप है कि युवक ने उसे नींद की गोलियां उपलब्ध कराई थीं। छात्रा कथित तौर पर इन्हें खाने में मिलाकर परिवार के सदस्यों को देती थी, जिससे सभी गहरी नींद में सो जाएं और वह रात में घर से निकल सके।
परिजनों का यह भी दावा है कि इस मामले को लेकर पहले गांव में पंचायत हो चुकी थी। उस समय युवक ने दोबारा छात्रा से संपर्क नहीं रखने का आश्वासन दिया था। हालांकि, परिवार का आरोप है कि इसके बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा।
परिजनों ने लगाया धमकी देने का आरोप
जब छात्रा के परिवार ने युवक के घरवालों से इस संबंध में शिकायत की, तो कथित तौर पर युवक ने परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और छात्रा के पिता ने गुलरिहा थाने में लिखित शिकायत दी।
गुलरिहा थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के अनुसार, नाबालिग छात्रा के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
मामला सामने आने के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। नाबालिग होने के कारण छात्रा से जुड़े संवेदनशील पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

