रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला और उसके पति पर आरोप है कि उन्होंने आसपास रहने वाले बच्चों को डराने-धमकाने और ब्लैकमेल करने के बाद घर के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी मंगवाए। मामले में पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने के कान के टॉप्स और चेन बरामद की है।
11 साल की बच्ची से लिए जेवर
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थिया सोनम साहू ने थाना गुढ़ियारी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह बड़ा अशोक नगर इलाके में रहती हैं। उनके घर के पास ही प्रीतम नगर बड़ा अशोक नगर में वंदना साहू अपने पति दीपक साहू के साथ रहती है।
प्रार्थिया की 11 वर्षीय भांजी भी वंदना साहू को जानती थी। आरोप है कि बच्ची ने प्रार्थिया के सोने के कान के झुमके और सोने की चेन वंदना साहू को दे दी थी। इसके बाद 2 सितंबर 2026 को बच्ची अपनी नानी का रानीहार भी वंदना साहू के पास लेकर पहुंची और उसे दे दिया।
डराने-धमकाने और ब्लैकमेल करने का आरोप
जब परिवार ने बच्ची से जेवरात के संबंध में पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर बताया कि वंदना साहू उसे किसी बात को लेकर डराती-धमकाती और ब्लैकमेल करती थी। इसी डर के चलते बच्ची घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी-छिपे वंदना साहू को देती रही।
पुलिस के अनुसार, बच्ची ने यह भी बताया कि उसने बीच-बीच में घर से नकदी रकम निकालकर वंदना साहू को दी थी। मामले में वंदना के पति दीपक साहू की भी संलिप्तता सामने आने की बात पुलिस ने कही है।
आसपास के बच्चों को भी गुमराह करने का आरोप
पुलिस का आरोप है कि वंदना साहू और उसके पति दीपक साहू ने आसपास रहने वाले अबोध बच्चों को गुमराह किया और उन्हें डराने-धमकाने के बाद उनसे सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी रकम हासिल की।
शिकायत के आधार पर थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 390/26 दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ धारा 308(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आदित्य पाण्डेय, सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा तथा थाना प्रभारी गुढ़ियारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने प्रार्थिया, उसकी भांजी और परिवार के अन्य सदस्यों से विस्तृत पूछताछ की। इसके बाद आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई।
पूछताछ में अपराध स्वीकार करने का दावा
पुलिस ने वंदना साहू और उसके पति दीपक साहू को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से कथित तौर पर उगाही किए गए सोने के कान के टॉप्स और सोने की चेन बरामद की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
1. वंदना साहू, पति दीपक साहू, उम्र 26 वर्ष, निवासी प्रीतम नगर, बड़ा अशोक नगर, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।
2. दीपक साहू, पिता रिखी राम साहू, उम्र 29 वर्ष, निवासी प्रीतम नगर, बड़ा अशोक नगर, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।
पुलिस मामले में बरामदगी और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

