वॉशिंगटन/सैन डिएगो। अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित मरीन कॉर्प्स एयर स्टेशन (MCAS) मिरामार के पास शुक्रवार को अमेरिकी मरीन कॉर्प्स का अत्याधुनिक F-35B स्टील्थ फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे से ठीक पहले पायलट ने इजेक्शन सिस्टम का इस्तेमाल कर सुरक्षित बाहर निकलने में सफलता हासिल की। पायलट को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जेट रनवे पर उतरने की प्रक्रिया में था और जमीन से करीब 100 फीट की ऊंचाई पर अचानक असंतुलित हो गया। स्थिति बिगड़ते देख पायलट ने समय रहते इजेक्ट किया। कुछ ही सेकंड बाद विमान जमीन से टकराकर आग की लपटों में घिर गया। हादसे के बाद घटनास्थल से काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही मरीन कॉर्प्स, दमकल विभाग और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंच गईं। विमान के गिरने से आसपास झाड़ियों में आग लग गई, जिस पर दमकलकर्मियों ने जल्द ही काबू पा लिया। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में जमीन पर किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अमेरिकी मरीन कॉर्प्स ने बताया कि दुर्घटना को “क्लास-ए एविएशन मिशैप” की श्रेणी में रखा गया है, जो सैन्य विमानों से जुड़ी सबसे गंभीर दुर्घटनाओं में गिनी जाती है। फिलहाल तकनीकी खराबी, उड़ान संचालन और अन्य संभावित कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी।
F-35B दुनिया के सबसे आधुनिक स्टील्थ लड़ाकू विमानों में शामिल है। इसकी विशेषता यह है कि यह कम दूरी से उड़ान भरने और लगभग सीधी (वर्टिकल) लैंडिंग करने में सक्षम है। इसकी अनुमानित कीमत 10 करोड़ डॉलर (करीब 850 करोड़ रुपये से अधिक) बताई जाती है और इसका इस्तेमाल अमेरिकी मरीन कॉर्प्स सहित कई मित्र देशों की सेनाएं भी करती हैं।

