गिरीश गुप्ता मैनपुर (गरियाबंद)। गरियाबंद जिले के मैनपुर नगर और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। कुत्तों के झुंड राहगीरों, ग्रामीणों और वन्यजीवों पर हमला कर रहे हैं। सोमवार सुबह हुई घटनाओं में चार लोग घायल हो गए, जबकि एक हिरण ने कुत्तों के हमले से बचने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। बाद में वन विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से हिरण का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:30 बजे मैनपुर वन परिक्षेत्र में एक हिरण पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। जान बचाने के लिए हिरण भागते हुए पास के तालाब में कूद गया। कुत्ते काफी देर तक तालाब के किनारे डटे रहे। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से हिरण को सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई।
इधर, नगर क्षेत्र में भी आवारा कुत्तों ने अलग-अलग स्थानों पर चार लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उन्हें एंटी-रेबीज वैक्सीन और आवश्यक उपचार दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से मैनपुर नगर सहित आसपास के दो दर्जन से अधिक गांवों में आवारा कुत्तों के झुंड खुलेआम घूम रहे हैं। सुबह-शाम टहलने वाले लोगों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बाइक सवारों पर भी हमले की घटनाएं बढ़ गई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और नगर पंचायत से आवारा कुत्तों को पकड़ने तथा नसबंदी अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी वन्यजीव पर कुत्तों के हमले की सूचना मिले तो तत्काल विभाग को सूचित करें, ताकि समय पर रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई जा सके।

